गर्मी में लू से बचने के उपाय: CMHO ने बताए बचाव के उपाय, तापमान 43 डिग्री पर, लू का बढ़ा खतरा

गर्मी में लू से बचने के उपाय: CMHO ने बताए बचाव के उपाय, तापमान 43 डिग्री पर, लू का बढ़ा खतरा
रीवा जिले में पिछले 4 दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है। सुबह 10 बजे से ही गर्म हवाएं चलने लगती है, जिस कारण लू लगने की आशंका बढ़ गई है। 15 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान में भी लगातार वृद्धि हो रही है। सीएमएचओ (CMHO) डॉ. केपी गुप्ता ने आमजन को लू से बचाव की सलाह दी है। कहा, लू से बचने के लिए जन सामान्य ज्यादा समय तक घर पर ही रहें। जिले में 9 मई से तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। दिन में 10 बजे के बाद गर्म हवाओं का प्रकोप हो जाता है। आमजन अतिआवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकले। जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलते समय पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
खाली पेट घर से बाहर न जायें। इससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। दिन में कम से कम 12 से 15 गिलास पानी जरूर पियें। लू से बचाव के लिए देशी घरेलू उपाय अपनाएं। बाहर निकलते समय सूती कपड़े से चेहरा और सर ढककर रखें तथा पानी साथ में जरूर रखें। पहनने के लिए सूती कपड़े व भोजन के तौर पर खरबूज, तरबूज, ककड़ी, खीरा, बेल, सौफ, पोदीना, धनिया शर्बत व छांछ का उपयोग है। मिचली आने, गला सूखने तथा बुखार का प्रकोप होने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करके उचित उपचार कराएं।