Rewa News: कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया ग्राम पंचायतो का निरीक्षण, देवतालाब मंदिर के प्रस्तावित कार्यो को पूरा करने का दिया निर्देश

सतना न्यूज़ मीडिया | रीवा. कलेक्टर प्रतिभा पाल ने ग्राम पंचायतों में जाकर आगामी 10 मई से आरंभ हो रहे मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने तिवरिगवां मनबोध, लौर, शिवपुरा नेबूहा, जोधपुर एवं पहडिया पंचायतों का भ्रमण कर ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने स्थानीयजनों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में नलजल एवं जलजीवन मिशन
योजनाओं से घर-घर पानी पहुंचाने की सुविधाओं के बारे में ग्रामीणजनों से जानकारी प्राप्त की। वहीं कलेक्टर ने देवतालाब मंदिर परिसर के विकास एवं सौन्दर्यीकरण के प्रस्तावित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्तावित सभी कार्य तत्काल प्रारंभ कराएं। सामुदायिक भवन, गेट एवं तालाब के सौन्दर्यीकरण सहित अन्य कार्य समय पर पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि पाथवे का कार्य पूरा कराते हुए पानी की आवक की पर्याप्तव्यवस्था सुनिश्चित कराएं। भ्रमण के दौरान * सीइओ डॉ. सौरभ सोनवणे, जिला पंचायत से डॉ. संजय सिंह सहित एसडीएम व जनपद के सीइओ व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। तिवरिगवां मनबोध में कलेक्टर ने सब्जी उत्पादक महिला स्व समूह से चर्चा की। समूह की सावित्री कुशवाहा व आशा मिश्रा ने बताया, देवतालाब में सब्जी बेचने अलग से व्यवस्था न होने पर परेशानी होती है। उनके द्वारा उत्पादित टमाटर का भी वाजिब मूल्य नहीं मिलता। कलेक्टर ने देवतालाब में हाट बाजार की व्यवस्था बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने तिवरिगवां मनबोध में सभी 6 स्वसहायता समूह की सक्रिय महिलाओं की प्रशंसा की।
मांगा सड़क का प्रस्ताव
देवतालाब का निरीक्षण कर मरीजों से सुविधाओं की जानकारी ली। चिकित्सकों से संस्थागत प्रसव के बारे में पूछा। साथ ही आगाह किया कि सभी चिकित्सक नियमित तौर पर चिकित्सालय आएं। एप्रोच रोड निर्माण का प्रस्ताव मांगा है।
बंद मिली राशन दुकान विक्रेता पर कार्रवाई
कलेक्टर ने शिवपुरा नेबूहा व जोधपुर की उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया। शिवपुरा नेबूहा की दुकान बंद मिलने पर एसडीएम को खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन व विक्रेता लोकेश सिंह के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जोधपुर दुकान व खरीदी केंद्र लौर का भी निरीक्षण किया। पहड़िया पंचायत में 19.22 लाख से बनाए जा रहे अमृत सरोवर के कार्य में विलंब पर उपयंत्री के खिलाफ नोटिस दिए जाने का निर्देश दिया।