Nagar Nigam Rewa : वसूली जा रहे थे 1500 रुपए फीस, महापौर ने की बड़ी कार्रवाई
May 14, 2023, 00:54 IST
Nagar Nigam Rewa : वसूली जा रहे थे 1500 रुपए फीस, महापौर ने की बड़ी कार्रवाई
रीवा। नगर निगम महापौर अजय मिश्रा बाबा ने जनता की शिकायत पर त्वरित जांच कराई तो अवैध वसूली की पोल खुल गई। मामले की सत्यता सामने आने के बाद महापौर ने जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। जिसके बाद अधिकारियों ने पहुंच कर मामले की जांच की और अब वसूली करने वालो पर कार्यवाही की जा रही है। दरअसल नगर निगम के तरणताल (स्वीमिंग पूल) को तैराकी संघ द्वारा एक माह तक बच्चों को निशुल्क प्रशिक्षण देने की बात कहते हुए निशुल्क उपलब्ध कराए जाने की मांग की थी। जिस पर नगर निगम द्वारा बच्चों के हित को देखते हुए एक घंटे के लिए संघ को यह पूल उपलब्ध करा दिया था लेकिन इसी बीच गुरुवार की शाम महापौर अजय मिश्रा बाबा के पास शिकायत पहुंची कि संघ के कोच प्रतिशक्ष के बदले 1500 रुपए की इंट्री फीस ले रहे हैं। महापौर ने मामले को तत्काल संज्ञान लिया और जोनल अधिकारी एचके त्रिपाठी को जांच करने के लिए आदेशित किया। जिसके बाद मौके पर शुक्रवार की सुबह अधिकारी पहुंचे तो अवैध वसूली की बात सही पाई गई। अधिकारियों ने महापौर को रिपोर्ट पेस की तो महापौर ने तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए है।
1500 रुपए की वसूली
अधिकारियों की जांच में सामने आया कि तैराकी संघ के प्रशिक्षकों को मात्र 25 बच्चों को प्रशिक्षण देने के लिए आदेशित किया था लेकिन जब अधिकारी पहुंचे तो वहां करीब आधा सैकड़ा बच्चे थे, इतना ही नहीं उनके परिजन भी साथ में थे, जब जोनल अधिकारी एचके त्रिपाठी ने पूंछतांछ की तो परिजनों सहित बच्चो ने भी 1500 रुपए दिए जाने की बात स्वीकारी, जिसके बाद जोनल अधिकारी ने तत्काल तैराकी संघ के प्रशिक्षकों को फटकार लगाते हुए अवैध वसूली के खिलाफ एफआईआर करने की बात कही। परिजनों से लिखित में आवेदन मांगा गया है।
परिजन करने लगे हंगामा
बता दें कि अधिकारियों से जैसे ही परिजनों को जानकारी हुई कि यह कैंप निशुल्क बताया गया था लेकिन अवैध वसूली हो रही तो वह भी भड़क गए और तरणताल में हंगामा करने लगे। परिजनों का जोनल अधिकारी एचके त्रिपाठी सहित अन्य ने शांत कराया और इसके बाद उनको आवेदन लिखित रूप से देने की बात कही और शिकायत करने की बात कही। महापौर को जानकारी दी गई तो महापौर अजय मिश्रा बाबा ने भी निर्देश दिए हैं कि तत्काल परिजनों के रुपए वापस कराए जाए व वसूली करने वालो के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाए।
फार्म भरवाए
हैरानी इस बात की है कि अवैध वसूली करने वाले संघ केप्रशिक्षको द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चो को नगर निगम के ही फार्म भरवा डाले, जो फार्म नगर निगम अपने उपभोक्ताओं को तरणताल के लिए दिए जाते हैं उन्ही फार्माे को संघ द्वारा भरवाकर राशि वसूली जा रही थी।
ननि को राजस्व की हानि
जानकारी के मुताबिक नगर निगम द्वारा 2500 रुपए रजिस्ट्रेशन फीस व 1500 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से लिए जाते हैं लेकिन जनहित को देखते हुए एक घंटे के लिए संध को समय दिया गया लेकिन संघ ने निगम के आड़ में अवैध वसूली का खेल चालू कर दिया। हालांकि अधिकारियों ने मामले को संज्ञान लेकर कार्यवाही शुरु कर दी है। बताया गया कि प्रशिक्षण नगर निगम द्वारा तरणताल में तैनात की गई महिला कोच शकुंतला तिवारी व उसके बेटे आशुतोष तिवारी द्वारा दिया जा रहा था, शकुंतला तिवारी तरणताल में रहती भी हैं, महापौर ने तत्काल तरणताल से कमरे खाली कराए जाने के निर्देश भी दिए हैं।
नगर निगम के तरणताल को तैराकी संघ द्वारा बच्चों को तैराकी का प्रशिक्षण देने के लिए निशुल्क मांगा गया था। महापौर से शिकायत हुई कि अवैध वसूली की जा रही है, उनके निर्देश पर तत्काल जांच की तो शिकायत सही पाई गई। 1500 रुपए छात्रों से निगम के ही फार्म भरवा कर लिए जा रहे थे। संबंधित पर कार्यवाही की जा रही है।
एचके त्रिपाठी, जोनल अधिकारी जोन 2।